जदयू के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद ने शनिवार को सुपौल के जिला जदयू कार्यालय में एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की पार्टी राजद ने इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से सबसे ज्यादा पैसा पश्चिम बंगाल की एक शराब कंपनी से लिया है। बॉन्ड से चंदे की यह राशि कंपनी की बचत से भी ज्यादा है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि तेजस्वी यादव की पार्टी ने बंगाल की शराब कंपनी से सांठ-गांठ की है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को यह बताना चाहिए कि आखिर कंपनी ने इतना पैसा उन्हें (उनकी पार्टी) क्यों दिया है। लेकिन यही लोग अब चुनाव में घूम-घूम कर भाजपा और जदयू सहित पूरे एनडीए पर सवाल खड़े कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इसकी जांच कराई जाएगी।
जदयू नेता अरविंद निषाद ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड का ब्यौरा सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राजद की वर्तमान पीढ़ी भी पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। लिहाजा आज हमें खुशी है कि समय रहते हमारे नेता ने महागठबंधन से अपना नाता तोड़ लिया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए इस बार 40 की 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
राजद प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि 2005 से पहले तक बिहार के लोग अपनी पहचान बताने में बाहर के प्रदेशों में डर महसूस करते थे, उन्हें शर्म आती थी। लेकिन आज बढ़ता हुआ बिहार और बदलता हुआ बिहार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की पहचान को मजबूत किया है। प्रदेश के साथ ही सुपौल भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सुपौल में आज छह फोरलेन सड़कें सहित कल आठ एनएच हैं। सुपौल शायद देश का पहला ऐसा जिला होगा, जहां इतनी बड़ी संख्या में एनएच गुजरते हैं। यहां भारतमाला परियोजना के तहत देश का सबसे लंबा पुल बन रहा है। भारतमाला परियोजना देश के कुछ चुनिंदा राज्यों में शुरू हुई, जिसमें बिहार और बिहार का सुपौल जिला भी शामिल है। 84 सालों बाद सुपौल का रेल नेटवर्क मिथिलांचल से दोबारा जुड़ा है। लोकसभा क्षेत्र के अंदर दो-दो मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था हो रही है। इसमें से एक मेडिकल कॉलेज पूर्व से ही सिंघेश्वर में संचालित है। जबकि पिपरा विधानसभा क्षेत्र में भी करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है।
वहीं, सुपौल विधानसभा प्रभारी सह प्रदेश प्रवक्ता मनीष यादव ने कहा कि सुपौल के लोगों की आवाज बनकर दिलेश्वर कामैत ने लोकसभा में 294 प्रश्न रखे। प्रश्न उठाने वाले सांसदों में वह सदन में दूसरे नंबर पर रहे। सदन में उपस्थिति के मामले में भी उनका स्थान दूसरा रहा। सुपौल लोकसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए स्थानीय विधायक सह मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव और निवर्तमान सांसद सह जदयू लोकसभा प्रत्याशी दिलेश्वर कामैत लगातार प्रयत्नशील रहे। यही कारण है कि क्षेत्र में भी लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने लोगों से इस बार जदयू प्रत्याशी को चार लाख से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर जदयू जिला महासचिव ओम प्रकाश यादव, प्रवक्ता प्रमोद मंडल, हरिमोहन विश्वास सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।