सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में बीते 8 मार्च को हुई 20 वर्षीय सुषमा कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही सिरफिरे आशिक भूपेन कुमार (20) ने दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने प्रेमिका के बात करना बंद करने और किसी अन्य युवक से संबंध होने के शक में हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
ट्रंक में छिपाकर रखा था कट्टा
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद से ही टीम मामले की जांच में जुटी थी। जांच के दौरान शक की सुई कोपरिया गांव के वार्ड नंबर 13 निवासी फतिंगा यादव के पुत्र भूपेन कुमार की ओर गई। रविवार शाम पुलिस ने उसके घर छापेमारी की। कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर में रखे एक ट्रंक से कपड़ों में लिपटा वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और एक खाली खोखा बरामद किया।
2021 से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में सामने आया कि भूपेन और सुषमा के बीच वर्ष 2021 से प्रेम संबंध था। सुषमा की शादी होने के बाद भी दोनों के बीच चोरी-छिपे बातचीत होती रही। लेकिन पिछले साल अक्टूबर-नवंबर के बाद सुषमा ने भूपेन से दूरी बना ली। इसी दौरान भूपेन को शक हुआ कि सुषमा किसी दूसरे युवक से बातचीत करने लगी है। इस बात से वह अंदर ही अंदर गुस्से में जलने लगा।
हिमाचल से लौटा और रच दी साजिश
आरोपी भूपेन हिमाचल प्रदेश में पेंटर का काम करता था और करीब छह महीने बाद 4 फरवरी को ही गांव लौटा था। गांव आने के बाद भी जब सुषमा ने उससे बातचीत नहीं की, तो उसने उसे रास्ते से हटाने की ठान ली।
खेत में पीछा कर मारी गोली
घटना के दिन 8 मार्च को भूपेन सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान उसने सुषमा को खेत की ओर जाते देखा। वह चुपचाप उसका पीछा करते हुए गुलडाही बहियार तक पहुंच गया। सुनसान खेत में दोनों के बीच कहासुनी हुई। गुस्से में भूपेन ने कमर से देसी कट्टा निकाला और सुषमा पर गोली चला दी। गोली लगते ही सुषमा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही घर लौट गया।
ये भी पढ़ें:
इश्क, चिकन पार्टी और फंदा; छात्र की संदिग्ध मौत ने खड़े किए कई सवाल, प्रेम प्रसंग में हत्या का शक
आरोपी को भेजा गया जेल
एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।