पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार बबलू (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार बबलू ने दरभंगा में एम्स के शिलान्यास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने तेजस्वी यादव और विपक्ष पर कटाक्ष भी किया। सहरसा में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एम्स का निर्माण केवल जमीन देने से नहीं होता, बल्कि इसके लिए दृढ़ संकल्प और दूरदृष्टि की जरूरत होती है।
‘गरीबों के लिए पीएम का समर्पण अद्वितीय’
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में दूसरे एम्स का वादा पहले ही किया था और अब इसका शिलान्यास दरभंगा में हो गया है। इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए उन्होंने कहा कि दरभंगा को मिथिलांचल की राजधानी कहा जाता है। यहां एम्स का बनना गरीबों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के प्रति उनका विशेष लगाव और गरीबों के लिए उनका समर्पण अद्वितीय है।
‘गरीबों के लिए राहत का काम’
नीरज बबलू ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब लोग मुफ्त में इलाज करा रहे हैं, जिससे उन्हें राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पहले लोग दिल्ली और पटना में इलाज के लिए परेशान होते थे। लेकिन अब एम्स के बनने से उत्तर बिहार के लोग अपने घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पा सकेंगे।
2025 में एनडीए की वापसी का भरोसा
मंत्री ने दावा किया कि एम्स जैसी योजनाओं के चलते 2025 तक एनडीए की सरकार पुनः बिहार में बनेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा बिहार को दिए गए विशेष पैकेज का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत बिहार को चार एयरपोर्ट, कई मेडिकल कॉलेज और बेहतर सड़क नेटवर्क मिला है। उन्होंने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री की बिहार के प्रति विशेष दृष्टि का परिणाम है। हम लोग चाहते हैं कि प्रधानमंत्री महीने में दो बार बिहार आएं, ताकि बिहार का और विकास हो और बिहार आगे बढ़े।
‘जानकी मंदिर और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा’
मंत्री ने कहा कि यूपी के अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद बिहार में जानकी मंदिर के लिए 50 एकड़ जमीन अधिग्रहण का निर्णय लिया गया है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।