सीएम नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने तिलावे नदी की गाद की समस्या हेतु स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने तिलावे धार को पुनर्जीवित करने, इससे सिंचाई सुविधा बढ़ाने तथा बाढ़ न्यूनीकरण प्रस्तावित योजना का रेखा चित्र के माध्यम से जानकारी दी। इस धार की लंबाई 150 किमी होगी और चौड़ाई 50 मी होगी। इस धार के पुनर्जीवित होने से सुपौल, मधेपुरा, सहरसा एवं खगड़िया जिले के 2700 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होंगे। इस योजना की प्राक्कलित राशि 1253.516 लाख रुपये है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि तिलावे धार के पुनर्जीवित होने से सुपौल, मधेपुरा, सहरसा एवं खगड़िया जिले को काफी लाभ होगा। क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इससे बाढ़ न्यूनीकरण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह से खुदाई करवाएं ताकि गाद का जमाव न हो और दोनों तरफ मिट्टी का अच्छे से भराव रहे।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विशनपुर में पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन किया और परिसर में बनाए गए प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय तथा लोक सेवा केंद्र सहित अन्य भागों का जायजा लिया। साथ ही वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो जाने से इस पंचायत के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विशनपुर में 237.29 लाख रुपये की लागत की उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के भवन का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत विशनपुर के मध्य विद्यालय परिसर में खेल परिसर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने मध्य विद्यालय विशनपुर के स्मार्ट क्लास रूम, आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया और वहां छात्रों से बातचीत कर पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि आप लोग खूब मन लगाकर पढ़िए। आप लोगों की पढ़ाई संबंधित सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री तथा सहरसा जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा, सांसद दिनेश चंद्र यादव, विधायक आलोक रंजन, विधायक गुंजेश्वर साह अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार, सहरसा जिला के जिलाधिकारी वैभव चौधरी, सहरसा के पुलिस अधीक्षक हिमांशु सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।