फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: शादी से लौटे बेटे ने चोर को दबोचा, कट्टे की बट से किया घायल; लाखों की चोरी कर हथियार छोड़ भागे बदमाश

Tue, 30 Jun 2026 09:08 AM IST
कोसी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा

सार

सहरसा के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के घर देर रात 11 लाख रुपये की चोरी हुई। शादी से लौटे बेटे ने एक चोर को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश ने कट्टे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। चोर हथियार और कारतूस छोड़कर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
विज्ञापन
डॉक्टर का घर व पूछचाछ करती हुई पुलिस - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सहरसा जिले में बेखौफ चोरों ने एक डॉक्टर के घर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला वार्ड संख्या-28 में सोमवार देर रात बदमाश घर में घुस गए। इस दौरान गृहस्वामी के बेटे ने एक चोर को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश ने देसी कट्टे की बट से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हड़बड़ी में भागते समय बदमाश अपना देसी कट्टा और जिंदा कारतूस मौके पर ही छोड़ गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर करीब 8 लाख रुपये के जेवर और 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


शादी समारोह से लौटे बेटे का चोरों से हुआ सामना
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 2:30 बजे की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात से पहले घर के लोगों पर किसी नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया था। इसी दौरान गृहस्वामी डॉ. उमेश भगत के 28 वर्षीय पुत्र ओमबाबू एक शादी समारोह से लौटे। घर का दरवाजा खुलवाने के दौरान उनकी नजर बाहर निकल रहे चोरों पर पड़ी। उन्होंने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

कट्टे की बट से हमला, घायल होकर गिर पड़ा युवक
खुद को फंसता देख बदमाश ने अपने पास मौजूद देसी कट्टे की बट से ओमबाबू के सिर और चेहरे पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग जाग गए, जिससे बदमाश घबरा गए और जल्दबाजी में मौके से फरार हो गए। भागते समय बदमाश अपना देसी कट्टा और जिंदा कारतूस वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
विज्ञापन


बेटी के जेवर भी ले गए चोर
डॉ. उमेश भगत ने बताया कि उनकी बेटी मुरलीगंज से शादी समारोह में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी। चोरी गए सामान में बेटी के कीमती जेवर भी शामिल हैं। गृहस्वामी के अनुसार, बदमाश करीब 8 लाख रुपये के आभूषण और 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं।

ये भी पढ़ें-  Bihar: शिक्षा विभाग में महाघोटाला! 27 लाख सैलरी वाले अधिकारी के खातों में करोड़ों का खेल, रिपोर्ट में खुलासा

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि घटनास्थल से मिले हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन


इलाके में दहशत
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात के बाद लोगों ने रात में पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें