मधेपुरा में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दीनापट्टी सखुआ गांव में बुधवार शाम बदमाशों ने युवक को दो गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल युवक की जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पत्नी से पूछी पति की जानकारी, फिर नहर की ओर पहुंचे बदमाश
मृतक की पहचान दीनापट्टी सखुआ वार्ड-10 निवासी फूलचंद पासवान के 30 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी लवली देवी ने बताया कि बुधवार शाम पांच-छह बदमाश उनके घर पहुंचे और दिलखुश के बारे में पूछताछ करने लगे। परिजनों ने बताया कि वे नहर की ओर गए हैं। इसके बाद सभी बदमाश उसी दिशा में चले गए।
नहर के पास मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग
परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई तो वे भी नहर के पास पहुंचे। वहां देखा कि बदमाश दिलखुश के साथ मारपीट कर रहे थे। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते, अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दिलखुश को दो गोलियां लगीं और बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने के बाद भी नहीं बच सकी जान
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल दिलखुश को तत्काल मुरलीगंज सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुरलीगंज सीएचसी के चिकित्सक डॉ. मिराज आलम ने बताया कि युवक के सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी। अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोट के कारण उसकी हालत बेहद गंभीर थी।
यह भी पढ़ें:
पटना से 4 शहरों तक RRTS, एम्स विस्तार और 3 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी; कैबिनेट की बड़ी सौगात
'जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी'
मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।