सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-40 स्थित सराही मोहल्ले में शनिवार सुबह सड़क पर पानी बहाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, हिंसक झड़प की घटना में घायल राजेश दास (35), शोबिया देवी (60) और सोनी देवी (30) एक पक्ष से हैं। जबकि दूसरे पक्ष से मो. अफरोज (48), मो. एहसान (18), मो. रिजवान (20) और मो. इमरान (22) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के घर आमने-सामने स्थित हैं और विवाद सड़क पर पानी बहाने को लेकर था।
राजेश दास का आरोप है कि उन्होंने कई बार पड़ोसियों को सड़क पर पानी बहाने से मना किया था, क्योंकि इससे आने-जाने में दिक्कत होती थी। शनिवार सुबह भी पानी बहाए जाने पर जब राजेश ने विरोध किया तो गाली-गलौज शुरू हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे राजेश और उनकी मां शोबिया देवी का सिर फट गया।
दूसरे पक्ष का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के घायल मो. अफरोज का कहना है कि राजेश दास ही अक्सर सड़क पर पानी गिराते हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो राजेश ने कुदाल से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। अफरोज के तीनों बेटों को भी इस झड़प में चोटें आईं।
घायलों का इलाज जारी
सभी घायलों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों में पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस बार बात इतनी बढ़ गई कि हिंसक झड़प हो गई। पुलिस इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।