मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित एक आवासीय स्कूल में रविवार सुबह छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को पाइप से लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद स्कूल संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड-10 निवासी रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम (6) के रूप में हुई है। वह यूकेजी का छात्र था और पिछले करीब छह महीने से खारी स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दादी ने आरोप लगाया कि उनके पोते की हत्या कर शव को शौचालय के पास एक पाइप से बांध दिया गया था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्कूल संचालक शव को घर पहुंचाकर चला गया। इसके बाद परिजन शव लेकर स्कूल पहुंचे।
परिवार में टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की मां गुंजन देवी ने बताया कि रविवार सुबह स्कूल संचालक ने उन्हें घटना की सूचना दी। स्कूल पहुंचने पर मोबाइल फोन में दिखाए गए फोटो में उनका बेटा शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ दिखाई दे रहा था। उन्होंने बताया कि स्कूल संचालक की पत्नी उनके बेटे को रस्सी से खोलकर गोद में लिए रो रही थी। मां ने रोते हुए कहा कि उनका बेटा बहुत चंचल था और उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
छात्र को रस्सी से बांधकर कौन ले जा रहा था?
घटना को लेकर स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र आकाश कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि दो अज्ञात व्यक्ति आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर उसे शौचालय की ओर ले जा रहे थे। उसने बताया कि दोनों का चेहरा ढंका हुआ था। नाम का पता नहीं चल पाया। वे स्कूल के पीछे बनी टीन और फूस की घेराबंदी हटाकर परिसर में घुसे थे। उसके अनुसार, शोर मचाने और स्कूल प्रबंधन को सूचना देने के बाद दोनों वहां से भाग गए।
पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, जेडी पब्लिक स्कूल पिछले करीब पांच वर्षों से संचालित हो रहा है। घटना के बाद से स्कूल संचालक सुनील कुमार फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह
ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें- Bihar News: भाजपा विधायक राजू सिंह की जाएगी सदस्यता? जानें कितने साल की हो सकती है सजा; पढ़ें पूरा मामला
जांच के बाद होगा खुलासा
डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक
ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बेटे के गम में रोते-बिलखते परिजन।