बिहार के सहरसा जिले में अपराध की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां छुट्टी पर घर आए एक एसएसबी जवान को जमीनी विवाद में गोली मार दी गई। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कहां और कैसे हुई घटना?
यह घटना सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के भटपुरा गांव की है। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने जवान पर उस समय हमला किया जब वह घर से कुछ ही दूरी पर थे। गोली जवान की जांघ के आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बगहा बॉर्डर पर तैनात है घायल जवान
घायल जवान की पहचान भटपुरा वार्ड नंबर चार निवासी 25 वर्षीय राजू कुमार के रूप में हुई है। राजू कुमार बगहा बॉर्डर पर एसएसबी में तैनात हैं और हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। उनकी पत्नी सिमरी बख्तियारपुर मिडिल स्कूल में शिक्षिका हैं।
चारदीवारी को लेकर चल रहा था विवाद
राजू कुमार के अनुसार, उनकी जमीन की चारदीवारी कुछ दिन पहले गिर गई थी। इसे दोबारा बनवाने को लेकर गांव के ही रजनीश, अनिरुद्ध समेत कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। सोमवार को निर्माण कार्य के लिए सामग्री गिराई गई थी और उसी सिलसिले में वह बालू लाने घर से निकले थे।
घात लगाकर किया गया हमला
राजू कुमार ने बताया कि जैसे ही वह घर से करीब 50 मीटर आगे बढ़े, पहले से घात लगाए बैठे रजनीश, अनिरुद्ध और अन्य लोगों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली उनके दाहिने पैर की जांघ को चीरते हुए निकल गई।
पढ़ें- Bihar: UGC के नए नियमों से नाराज युवक पर पीएम को अपशब्द कहने का आरोप, आपत्तिजनक वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल जवान को सिमरी बख्तियारपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है।
सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। प्रथम दृष्टया यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी प्रतीत होती है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।