सहरसा जिले में महिषी थाना क्षेत्र के सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग के बलुआहा पुल के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक जख्मी हो गया। इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के ऐनी गांव निवासी रामप्रसाद चौपाल के 19 वर्षीय पुत्र सर्वजीत कुमार के रूप में हुई है।
मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। मृतक के पिता रामप्रसाद चौपाल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले गंगा शर्मा की बहु को गुरुवार रात प्रसव पीड़ा हुई थी। उसके बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। पड़ोसी के नाते गंगा शर्मा के साथ युवक अपनी बाइक से सदर अस्पताल गया। शुक्रवार दोपहर बाद उसको एक नवजात शिशु का जन्म भी हुआ, जिसकी स्थिति काफी गंभीर थी। डॉक्टर ने उसे सदर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया। पड़ोसी गंगा शर्मा नवजात बच्चे को लेकर एंबुलेंस से पटना के लिए निकल गए।
यह भी पढ़ें: गुजरात में युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत, लोगों ने बिहार में किया हंगामा; सड़क जाम
वहीं, सर्वजीत अपनी बाइक लेकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग में बलुआहा पुल पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सर्वजीत को ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और सदर अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, बलुआहा पुल के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, शरीर पर मिले जख्म के कई गहरे निशान, साथ में था बेटा
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने जख्मी युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान जख्मी की मौत हो गई। महिषी थाना अध्यक्ष जयशंकर कुमार ने कहा कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।