घटना के बाद बैंक के बाहर मौजूद लोगों की भीड़
- फोटो : Amar Ujala
बिहार के मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र के मुरहो में गुरुवार दोपहर एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जहां बेखौफ अपराधियों ने सेंट्रल बैंक की शाखा में घुसकर दिनदहाड़े लूट को अंजाम दिया। करीब 12:30 बजे तीन हथियारबंद बदमाश बैंक में दाखिल हुए और कुछ ही मिनटों में लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
बैंक के शाखा प्रबंधक शिव कुमार के अनुसार, तीनों अपराधियों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। वे बाइक से आए थे। एक बदमाश बैंक के बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दो अंदर घुस गए। अंदर आते ही उन्होंने ग्राहकों और चौकीदार को धक्का देकर किनारे किया और दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की।
लॉकर खोलकर लूट ले गए कैश
मैनेजर ने बताया कि एक बदमाश सीधे उनके पास पहुंचा और सिर पर कट्टा तान दिया। जान के खतरे को देखते हुए उन्होंने बिना विरोध किए कैश लॉकर खोल दिया। इसके बाद बदमाशों ने नगद लिया और बाहर खड़े अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर तेजी से फरार हो गए।
हवाई फायरिंग करके डराया
यह बैंक पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल के पैतृक घर के पास स्थित है। घटना के समय बैंक में सीसीटीवी कैमरों की वायरिंग का काम चल रहा था, जिसका फायदा अपराधियों को मिला। प्रत्यक्षदर्शी जयराम कुमार ने बताया कि अचानक तीन नकाबपोश बदमाश आए, हवाई फायरिंग की और सभी को डराकर साइड कर दिया। हथियार देखकर बैंक स्टाफ और ग्राहक सहम गए और किसी ने विरोध नहीं किया।
ये भी पढ़ें-
Bihar Politics: आज सभा कर नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा देंगे? नहीं दिया तो भाजपा के लिए फिर 'विश्राम'
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि करीब 1.30 लाख रुपये की लूट हुई है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।