मधेपुरा के बीएन मंडल विश्वविद्यालय ने बीसीए के विभिन्न सेमेस्टरों का परीक्षा कार्यक्रम और सेंटर लिस्ट जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. शंकर कुमार मिश्रा ने बताया कि बीसीए फर्स्ट सेमेस्टर, थर्ड सेमेस्टर और फिफ्थ सेमेस्टर दिसंबर 2024 की 11 दिसंबर को शुरू होगी और 17 दिसंबर को समाप्त होगी। यह परीक्षा दो पाली में ली जाएगी। पहली पाली में बीसीए फर्स्ट सेमेस्टर और थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा होगी। वहीं, दूसरी पाली में बीसीए फिफ्थ सेमेस्टर की परीक्षा होगी।
ऐसा रहेगा परीक्षाओं का शेड्यूल
जानकारी के मुताबिक, पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से एक बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। सभी सेमेस्टर का एकमात्र परीक्षा केंद्र बीएनएमवी कॉलेज साहुगढ़ को बनाया गया है। यहां एमएलटी कॉलेज सहरसा, रमेश झा महिला कॉलेज सहरसा, आरएम कॉलेज सहरसा, एसएनएसआरकेएस कॉलेज सहरसा, टीपी कॉलेज मधेपुरा, मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा, बीएसएस कॉलेज सुपौल, युवीके कॉलेज करामा, आदर्श कॉलेज घैलाढ़ जीवछपुर मधेपुरा के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
एमएड सेकंड सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम जारी
बीएनएमयू में मास्टर ऑफ एजुकेशन (एमएड) सेकंड सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. शंकर कुमार मिश्रा ने बताया कि एमएड सेकंड सेमेस्टर सत्र 2023-25 की परीक्षा 12 दिसंबर से शुरू होगी और 17 दिसंबर को समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर एकमात्र परीक्षा केंद्र टीपी कॉलेज मधेपुरा को बनाया गया है। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे के बीच होगी।
स्नातक के परीक्षा फॉर्म की तिथि स्थगित
बीएनएमयू में स्नातक थर्ड सेमेस्टर (सत्र 2023-27) का परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि छह दिसंबर से 10 दिसंबर तक निर्धारित की गई थी, जिसे अपरिहार्य कारणवश स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. शंकर कुमार मिश्रा ने बताया कि स्नातक थर्ड सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि जारी की गई थी, जिसे अपरिहार्य कारणवश अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि अभी स्नातक थर्ड सेमेस्टर में छात्रों का एडमिशन भी नहीं हुआ है। परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि जारी होने के बाद विभिन्न छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया, जिसके बाद परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई।