सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के झाड़ा पंचायत के टिकाऊलवा वार्ड संख्या-10 निवासी नीरज सादा की 28 वर्षीय पत्नी कुंती देवी के रूप में हुई है।
बाइक की मांग का आरोप
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम तक मृतका की मां की कुंती से फोन पर बात हुई थी और उस समय सब कुछ सामान्य था। इसके बाद पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली कि कुंती की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे, जहां घर के सदस्य गायब थे और कुंती का शव पड़ा था। मृतका की मां ललिता देवी ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
दो मासूम बेटियां हुईं बेसहारा
कुंती देवी अपने माता-पिता की चार बेटियों में तीसरे नंबर पर थीं। उनकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब दो और तीन वर्ष बताई जा रही है। इस घटना से दोनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया। मृतका के पति नीरज सादा पंजाब में मजदूरी करते हैं और घटना के समय वहीं मौजूद थे।
पुलिस जांच में जुटी
महिषी थाना अध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के आरोप के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।