सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर गंगजला वार्ड 15 में रविवार की रात चोरों ने एक सुनसान घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अलमीरा तोड़कर करीब छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वान दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
निजी कंपनी में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत पीड़ित आशीष रंजन ने बताया कि उनकी पत्नी की एमएड की परीक्षा होने के कारण वे दोनों पटना गए थे। घर पर उनकी मां रहती थीं, लेकिन बीमार होने से उन्हें हटियागाछी स्थित बहन के यहां छोड़ दिया गया था। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पढ़ें; मैदान के बाहर से जीत गढ़ने वाले गुमनाम हीरो, कोच से लेकर फिजियो तक की अनसुनी कहानी; जानें
आरोप है कि चोरों ने अलमीरा और तिजोरी खंगालने के साथ पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। चोरी गए 70 हजार रुपये मकान की मरम्मत के लिए रखे गए थे। वारदात से पहले चोरों ने पीड़ित के चचेरे भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि घटना की भनक किसी को न लगे। सोमवार सुबह जब दरवाजा खोला गया, तब चोरी का खुलासा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में लगातार सुनसान घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा कड़ी करने की मांग की है।