पोस्टमार्टम के लिए सदर हॉस्पिटल पहुंचे परिजन
मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत वंशगोपाल गांव में रविवार की सुबह डायन होने के झूठे आरोप में एक महिला की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब चार बजे हुई। महिला रोजाना की तरह अपने घर से कुछ दूरी पर बकरियों को बांधने गई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही चार-पांच लोगों ने उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला के सिर, गर्दन, पीठ, हाथ और पैर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर से 100 मीटर बकरी बांधने गई थी महिला
मृतका के बड़े बेटे ने बताया कि घटना के समय परिवार के लोग सो रहे थे। मां बकरी बांधने के बाद वहीं बैठी थी, तभी आरोपियों ने डायन के बहाने उस पर हमला कर दिया। हो-हल्ला सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्य आरोपी असलम और उसके कुछ साथियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। मृतका की छोटी बेटी ने बताया कि करीब 10 दिन पहले असलम के पिता के साथ उनकी मां का विवाद हुआ था, जिसमें गाली-गलौज तक बात पहुंची थी। तभी से आरोपी महिला को निशाना बनाने की फिराक में थे।
Asia Cup Hockey 2025: राजगीर में आज तय होगा एशियाई हॉकी का असली बादशाह, भारत के सामने दक्षिण कोरिया की चुनौती
पति की हो चुकी है मौत
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतका को तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। कुछ वर्ष पूर्व महिला के पति की मौत हो चुकी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुरैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष राघवेंद्र नारायण ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।