Saharsa News: सहरसा स्थित बलवाहाट एनएच पर सड़क पार कर रही 54 वर्षीय आशा देवी को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर स्थित बलवाहाट थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बरियाही–सिमरी बख्तियारपुर एनएच-107 पर एक अनियंत्रित बाइक ने सड़क पार कर रही एक 54 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
विज्ञापन
घर के पास सड़क पार करते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बलही गांव के वार्ड संख्या-2 की रहने वाली आशा देवी (54 वर्ष) सोमवार दोपहर अपने घर के समीप ही सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान बरियाही की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
बाइक सवार की हालत भी नाजुक
इस भीषण हादसे में बाइक चलाने वाला युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के झारा पंचायत स्थित बिहना गांव निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया है।
बाइक जब्त, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया। बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक महिला की जान गई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।