प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बनगांव रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में सोमवार शाम 14 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। किशोरी की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया और शव को सड़क पर रखकर बनगांव-बरियाही मुख्य मार्ग जाम कर दिया। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल के डॉक्टर और पूरा स्टाफ क्लिनिक में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए।
'ऑपरेशन के बाद ठीक हो जाएगी'
मृतक किशोरी की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के झाझा नवटोलिया निवासी गंगाराम मुखिया की 14 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। मृतका की मां अंजू देवी ने बताया कि शनिवार दोपहर उन्होंने अपनी बेटी को एक निजी चाइल्ड केयर सेंटर में दिखाया था। जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि काजल के सिर में पानी है, लेकिन एक छोटा-सा ऑपरेशन करने के बाद वह पूरी तरह ठीक हो जाएगी। डॉक्टर की बात पर भरोसा कर सोमवार को उसे ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन शुरू होने के कुछ ही देर बाद काजल की मौत हो गई और यह डॉक्टर की लापरवाही का परिणाम है।
मौत के बाद सड़क जाम, मुआवजे की मांग
किशोरी की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर बनगांव-बरियाही मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें:
1100 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही सहरसा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर राघवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार से मिले आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ की तलाश कर रही है।