सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत 12 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर का शव मिलने के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई। मृतक के गले पर मिले निशानों के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
साइकिल लेने गया छोटा भाई, तब हुआ खुलासा
मृतक किशोर की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के नंदलाली वार्ड नंबर-1, नगर निगम सहरसा निवासी रंजीत कुमार उर्फ कांग्रेस के 12 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। नीरज नंदलाली मिडिल हाई स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नीरज का छोटा भाई मवेशियों के चारे वाली एक झोपड़ीनुमा घर में अपनी साइकिल लेने गया था। वहां पहुंचते ही उसने देखा कि उसका बड़ा भाई नीरज मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इसके बाद छोटे भाई ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
गले पर मिले गहरे निशान, हत्या की आशंका
ग्रामीणों ने देखा कि नीरज के गले पर दो जगह गहरे निशान थे। इसके बाद लोगों ने आशंका जताई कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
5 धूर जमीन विवाद में पड़ोसियों पर आरोप
मृतक के चाचा सुशील यादव ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले कार्तिक यादव, पप्पू यादव, अभिमन्यु यादव समेत अन्य लोगों से पांच धूर जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी कार्तिक यादव ने पहले भी जमीन विवाद को लेकर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों को आशंका है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने नीरज की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को झोपड़ी में फेंक दिया। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें:
बिजली गई और मोहल्ला बना रणक्षेत्र! छतों से बरसीं ईंटें, आधी रात बवाल, महिलाओं-बच्चों समेत कई घायल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
मामले को लेकर बिहरा थाना अध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।