जदयू ने पटना में कर्पूरी जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया।
- फोटो : अमर उजाला
पिछड़ों को सबसे पहले कर्पूरी ने ही आरक्षण दिया
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि देश में पहली बार पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग को जोड़कर आरक्षण दिया गया। जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने ही पहली बार वर्ष 1978 में पिछड़ा वर्ग को 8 प्रतिशत और अति पिछड़ा वर्ग को 12 प्रतिशत आरक्षण दिया। अति पिछड़ा वर्ग ज्यादा गरीब है और उनकी संख्या भी ज्यादा है। उन्होंने ही पहली बार बिहार में शराबबंदी लागू की लेकिन समय से पहले ही उन्हें पद से हटा दिया गया, फिर शराबबंदी भी खत्म हो गई। पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग का कल्याण होना चाहिए। उनके निधन के बाद से ही हमलोग कार्यक्रम करते आ रहे हैं। जिस सरकारी आवास में जननायक कर्पूरी ठाकुर जी रहते थे उसे आज भी संग्रहालय के रूप में सुरक्षित रखा गया है।
सीएम नीतीश ने पीएम मोदी को भी दी बधाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, यह बड़ी खुशी की बात है। आज यहां लाखों की संख्या में आपलोग आए हुए हैं। करीब 2 लाख लोग यहां मौजूद हैं और रास्ते में भी बड़ी संख्या में लोग हैं। मैं जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की जंयती पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लेता हूं। मैं समस्तीपुर में उनके गांव भी गया। उनके घर जाकर उनके परिवार के लोगों से मिलता हूं। वहां सभी धर्मो के लोग पूजा-पाठ करते हैं, यह देख बड़ा अच्छा लगता है। आज उनके 100वें जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें भारत रत्न प्रदान किया गया है, यह बड़ी खुशी की बात है। वर्ष 2007 से वर्ष 2023 तक हर साल हमलोग उन्हें भारत रत्न देने का अनुरोध करते रहे चाहे कांग्रेस की सरकार रही हो या फिर एनडीए की। लेकिन, आज केंद्र की सरकार ने उन्हें भारत रत्न प्रदान किया जिसके लिए मैं केंद्र सरकार के साथ-साथ प्रधानमंत्री जी को भी बधाई देता हूं। रामनाथ ठाकुर जी को भी प्रधानमंत्री ने फोन कर बधाई दी है।