बिहार के कैमूर जिले में विजिलेंस की टीम ने मोहनिया नगर पंचायत के कनीय अभियंता राजेश प्रजापति को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियंता विकास कार्यों के लंबित बिलों का भुगतान करने के बदले घूस मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद 12 सदस्यीय टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई जारी है। कैमूर जिले के मोहनिया नगर पंचायत में तैनात कनीय अभियंता राजेश प्रजापति को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के बकाया बिलों का भुगतान करने के बदले रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस की टीम ने पूरी योजना के साथ धावा बोला और अभियंता को पकड़ लिया।
विज्ञापन
लंबित बिलों के भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत
विजिलेंस इंस्पेक्टर कुमार कुणाल सौरभ के मुताबिक, परिवादी संजय कुमार ने इस संबंध में विजिलेंस इकाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। संजय की मां मोहनिया नगर पंचायत में संविदा पर काम करती हैं। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में कुछ विकास कार्य कराए थे। इन कार्यों में से कुछ के बिलों का भुगतान हो चुका था, जबकि बाकी का भुगतान लंबित था।
आरोप है कि लंबित बिलों का भुगतान कराने के एवज में कनीय अभियंता राजेश प्रजापति लगातार 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। संजय कुमार रिश्वत नहीं देना चाहते थे। इसलिए उन्होंने 12 तारीख को विजिलेंस कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
विज्ञापन
शिकायत की जांच के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
विजिलेंस इकाई ने परिवादी की शिकायत मिलने के बाद उसकी जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की तैयारी शुरू हुई।
12 सदस्यीय टीम ने बिछाया जाल
विजिलेंस इंस्पेक्टर कुमार कुणाल सौरभ के नेतृत्व में 12 सदस्यीय धावा दल का गठन किया गया। टीम ने योजना के मुताबिक जाल बिछाया। इसी दौरान कनीय अभियंता राजेश प्रजापति को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के समय मौके पर एक अन्य व्यक्ति भी बैठा हुआ था। हालांकि, जांच के बाद उसकी इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं पाई गई। विजिलेंस टीम ने आरोपी अभियंता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।