बिहार में शनिवार को सासाराम में एक पत्रकार की हत्या के बाद रविवार को बेगूसराय में एक हॉकर की गोली मार कर हत्या कर दी गई। जिले के नावकोठी थाने के छतौना निवासी 42 वर्षीय हॉकर सिकन्दर सिंह की गोली मारकर उस समय हत्या कर दी गयी जब वह मंझौल से अखबार लेकर नावकोठी आ रहे थे।
बदमाशों ने उसके शरीर पर छह गोलियां मारी। इसके बाद घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। नावकोठी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, देवेन्द्र कुमार राय सहित सशस्त्र बल ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है।
बताया गया कि सिकन्दर हर रोज की भांति चार बजे सुबह अखवार के लिए मंझौल निकले और अखबार लेकर विभिन्न गांवों में बांटते हुए जैसे ही नावकोठी गांव में प्रवेश किये कि आरा मील के नजदीक अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह लगभग दस वर्षों से अखबारों को बेचते थे।