राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2027 परीक्षा के लिए शहर चुनने के नियमों में बदलाव किया है। अब अभ्यर्थी केवल अपने स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य के परीक्षा शहर का चयन कर सकेंगे। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यदि उम्मीदवारों के वर्तमान और स्थायी पते वाले राज्य में चार से कम परीक्षा शहर उपलब्ध हैं, तो उन्हें प्रशासनिक सुविधा के आधार पर दूसरे राज्य का शहर चुनने का अवसर दिया जा सकता है।
विदेश में रहने वाले या विदेशी अभ्यर्थियों के लिए भी शहर का चयन उनके पते के आधार पर ही होगा, हालांकि उन्हें भारत का कम से कम एक परीक्षा शहर चुनना अनिवार्य रहेगा। एनटीए ने यह भी साफ किया है कि किसी शहर में परीक्षार्थियों की संख्या बहुत कम रहने पर शहरों का विलय किया जा सकता है और केंद्र आवंटन पर एजेंसी का फैसला ही अंतिम माना जाएगा।
ध्यान से जांच लें कोड
बिहार में इस बार जेईई मेन का आयोजन 11 शहरों में किया जाएगा। इनमें पटना, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण में केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थी आवेदन भरते समय शहर का नाम और उसका संबंधित कोड ध्यान से जांच लें।
खासकर बिहार और महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर के बीच भ्रम की स्थिति से बचने के लिए बिहार के औरंगाबाद केंद्र का चयन करते समय कोड BR 01 जरूर जांचना होगा। एनटीए अभ्यर्थियों को उनकी पसंद का शहर देने का पूरा प्रयास करेगा, लेकिन प्रशासनिक या लॉजिस्टिक कारणों से किसी अन्य शहर में केंद्र आवंटित किया जा सकता है।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथियां
सत्र-1 की परीक्षा के लिए ई-प्रवेश पत्र 13 जनवरी 2027 से डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा। वहीं, सत्र-2 का एडमिट कार्ड 25 मार्च 2027 से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र आधिकारिक पोर्टल jeemain.nta.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे। एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भविष्य की जरूरतों के लिए प्रवेश पत्र की कम से कम चार हार्ड कॉपी यानी प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
ये भी पढ़ें- बिहार: सेवानिवृत्त प्राचार्यों के पद पर जमे रहने पर एलएनएमयू की कार्रवाई, तीन कॉलेजों के अनुदान खातों पर रोक
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के नियम
अभ्यर्थियों को केवल उनके प्रवेश पत्र में आवंटित परीक्षा केंद्र, तय तारीख और निर्धारित शिफ्ट के अनुसार ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलेगी। किसी भी उम्मीदवार को अन्य केंद्र या शिफ्ट में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी होने के बाद उस पर दर्ज सभी विवरणों की ध्यान से जांच कर लेनी चाहिए और परीक्षा के दिन निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचना चाहिए।