दूसरी ओर इस बात का एलान पहले ही हो चुका है कि आने वाले साल में होने वाले दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी का चुनाव मैनेजमेंट भी पीके की कंपनी करेगी। खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बात की जानकारी दी थी। आईपैक यानी इंडियन पॉलिटिकल ऐक्शन कमिटी प्रशांत किशोर की संस्था है, जो चुनाव प्रबंधन का काम करती है। आईपैक ने भी खुद ट्वीट कर यह कहा था कि वह केजरीवाल के लिए काम करेंगे।
बता दें कि इस 2020 का दिल्ली विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं है। फरवरी में केजरीवाल सरकार के पांच साल पूरे हो जाएंगे और माना जा रहा है कि फरवरी में ही चुनाव भी हो सकते हैं। ऐसे में प्रशांत किशोर जैसे राजनीतिक मैनेजर का केजरीवाल के साथ आना आप के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है।
बता दें कि नरेंद्र मोदी के 2014 लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान और जीत के पीछे प्रशांत किशोर बड़े हीरो के रूप में उभरे थे। 2014 की भाजपा की जीत का श्रेय प्रशांत किशोर के कैंपेन को ही दिया जाता है। इसके साथ ही प्रशांत ने बिहार में महागठबंधन, तेलंगाना में टीआरएस के लिए और हाल ही में हुए महाराष्ट्र चुनाव में उद्धव ठाकरे के लिए भी चुनाव मैनेजमेंट किया था।
उनके कुछ अनुभव भले ही अच्छे न रहे हों लेकिन ज्यादातर प्रशांत किशोर ने जो भी काम किया है उसमें सफलता ही हासिल की है। यही उम्मीद केजरीवाल भी उनसे 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कर रहे होंगे। हालांकि ये आने वाला वक्त ही बताएगा कि आगे क्या होगा।