बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने तीसरा मोर्चा के बारे में अभी कोई निर्णय नही लिया है और इस पर पार्टी उचित समय पर फैसला लेगी।
श्री कुमार ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जदयू ने अभी तीसरे मोर्चे या किसी अन्य मोर्चे के बारे में कोई निर्णय नही लिया है। पार्टी इस पर उचित समय पर फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि जदयू का अक्टूबर तक विधानसभा क्षेत्रवार सम्मेलन का कार्यक्रम निर्धारित है उसके बाद ही इस विषय पर कोई निर्णय होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जदयू का विधानसभा क्षेत्रवार सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। अभी इन क्षेत्रों में राहत कार्य का वितरण सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिए वहां पर अभी कोई राजनीतिक कार्यक्रम नही रखा गया है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर के आखिरी तक कार्यकर्ताओं का राज्यस्तरीय सम्मेलन होगा।
गौरतलब है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कल श्रीनगर में कहा था कि केंद्र में अगली सरकार गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी होगी। इसमें सभी क्षेत्रीय दलों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा था कि वह इस दिशा में काम कर रहे है कि कैसे गैर साम्प्रदायिक दलों को एक मंच पर लाया जाए।