हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जदयू नेता निशांत कुमार से जुड़ी दो आपत्तिजनक एआई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। पहली तस्वीर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ थी जबकि दूसरी तस्वीर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के साथ थी। अब जदयू के पूर्व विधायक का आपत्तिजनक एआई फोटो वायरल हो रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस सोशल मीडिया के पेज से यह तस्वीर वायरल हो रही है वह पेज वर्तमान राजद विधायक के समर्थक का पेज बताया जा रहा है। अब इस संबंध में दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: 'इलेक्टेड नहीं, सेलेक्टेड सीएम', कानून व्यवस्था पर जमकर बरसे तेजस्वी; जारी की 50 जघन्य अपराधों की लिस्ट
मेरी एआई जेनरेटेड तस्वीर जानबूझ कर बनवाई गई है
राजकुमार सिंह बेगूसराय जिले के मटिहानी विधानसभा के जदयू के पूर्व विधायक हैं, जिनका एआई जेनरेटेड फोटो वायरल हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने साइबर थाना में मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि मेरी छवि को धूमिल करने के लिए ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि जो शिक्षित और बुद्धिमान व्यक्ति हैं वह यह बात आसानी से समझ सकते हैं कि यह फोटो एआई जेनरेटेड है, लेकिन जो सामान्य लोग हैं उनके लिए यह फोटो असली तस्वीर की तरह लगेगी। उन्होंने कहा कि मेरी एआई जेनरेटेड तस्वीर जानबूझ कर बनवाई गई है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : तेजस्वी के हमले पर भाजपा का पलटवार, लालू यादव का भी लिया नाम, कहा- सदन में बोलने वक्त गायब हो जाते हैं
राजद विधायक ने भी कराई प्राथमिकी दर्ज
पूर्व विधायक राजकुमार सिंह की यह तस्वीर मटिहानी के वर्तमान राजद विधायक बोगो सिंह के फेसबुक पर अपलोड की गई है। इसको लेकर अब जदयू और राजद में सियासी घमासान शुरू हो गया है। इस संबंध में राजद विधायक बोगो सिंह ने अपनी दलील देते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उन्होंने मटिहानी रिफाईनरी थाना में दिए गए आवेदन में लिखा है कि 17 मई की रात्रि में फेसबुक पर किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उनके नाम का गलत फेसबुक पेज बनाकर पूर्व विधायक राजकुमार सिंह की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें उस पेज पर अपलोड कर दी गई है। इस वजह से उनके यानी बोगो सिंह के सामाजिक छवि एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा है। उन्होंने अविलंब इसकी जांच कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
नीतीश कुमार, निशांत और मैथिली ठाकुर का भी फर्जी एआई-जनरेटेड तस्वीर की गई थी वायरल
निशांत कुमार और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की एक फर्जी एआई-जनरेटेड आपत्तिजनक तस्वीर फेसबुक पर वायरल हुई थी। गया की पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर विकास कुमार नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके अलावा, राज्यसभा के लिए नीतीश कुमार के नामांकन के समय पिता-पुत्र की एक भावुक (रोते हुए) तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसे बाद में जांच में पूरी तरह से फर्जी और एआई-निर्मित बताया गया था।
क्या हुआ था निशांत कुमार और मैथिली ठाकुर के मामले में ?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर के एआई जेनरेटेड आपत्तिजनक फोटो बनाकर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के शब्दो गांव से गिरफ्तार किया था। उसकी पहचान विकास कुमार यादव के रूप में कि गई थी। आरोपी विकास ने एआई टूल की मदद से एक भ्रामक तस्वीर तैयार की, जिसमें निशांत कुमार को विधायक मैथिली ठाकुर को अश्लील हरकत करते दिखाया गया था। यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस की साइबर और तकनीकी सेल सक्रिय हो गई।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: नीतीश कुमार की खाली सीट नहीं लेना चाहेंगे निशांत कुमार! जून में बिहार की राजनीति कौन नए चेहरे लाएगी?
गया से हुई थी गिरफ्तारी
जांच के बाद गया पुलिस ने आरोपी की पहचान करते हुए 14 मार्च 2026 को पहाड़पुर स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से यह आपत्तिजनक तस्वीर बनाई और पोस्ट की थी। फिर पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।
लोगों में भी था आक्रोश
इस मामले को लेकर दरभंगा के समाजसेवी प्रियंका झा ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि किसी भी महिला की अस्मिता के साथ खिलवाड़ करना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। एआई तकनीक का दुरुपयोग कर महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाना बेहद निंदनीय और आपराधिक कृत्य है। प्रियंका ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की थी।