Bihar Assembly Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव में बागियों के खिलाफ जनता दल (यूनाइटेड) ने मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने अपने एक विधायक, पूर्व विधायकों और पार्टी के पूर्व मंत्रियों समेत 15 नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई छह वर्षों के लिए की गई है। बाहर निकाले गए नेताओं में ददन सिंह यादव, रामेश्वर पासवान, भगवान सिंह कुशवाहा, कंचन कुमारी गुप्ता, सुमित सिंह, रणविजय सिंह समेत 15 नेताओं के नाम शामिल हैं।
इससे पहले सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी कार्रवाई की थी। भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए अपने नौ वरिष्ठ नेताओं को छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया था। बाहर निकाले गए नेताओं में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, रामेश्वर चौरसिया, ऊषा विद्यार्थी, अनिल कुमार, झाझा से रवींद्र यादव, भोजपुर से श्वेता सिंह, जहानाबाद से इंदु कश्यप, जमुई से अजय प्रताप और मृणाल शेखर के नाम शामिल थे।