कलेक्टर ने बताया कि कोरोना की दोनों डोज लेने वालों को इनाम दिया जाएगा। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम से लेकर एलईडी और टीवी के अलावा कई अहम पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार प्रखंड स्तर पर हर सप्ताह दिया जाएगा। इनके अलावा महीने में एक बार जिला स्तर पर भी बंपर पुरस्कार बांटा जाएगा
बिहार के दरभंगा जिले में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए कलेक्टर ने नई पहल शुरू की है। वैक्सीन लेने वालों को इनाम देने का एलान किया है। बीते दिनों वैक्सीन को लेकर हुई जिला समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए टीका लगवाओ..इनाम पाओ की घोषणा की। कलेक्टर ने बताया कि दोनों डोज लगवाने वाले शख्स को बेहतर और आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। कलेक्टर त्याग राजन ने समीक्षा बैठक में टीका की रफ्तार बढ़ाने के लिए इनाम वाली स्कीम का एलान किया। अब 'कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लें और बंपर इनाम जीतें'।
विज्ञापन
नए वैरिएंट से खतरा बढ़ने की संभावना
दरभंगा के जिलाधिकारी त्याग राजन ने बताया कि नए कोरोना वैरिएंट का खतरा एक बार फिर से दिखाई देने लगा है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल यहां के लोगों को डरने की बात नहीं कहते हुए कोरोना टीका जल्द से जल्द लगवाने की अपील की। त्याग राजन ने कहा कि कोरोना से लड़ाई में टीका सबसे बड़ा हथियार है।
बिहार सरकार ने भी इनाम देने का किया एलान
पिछले दिनों बिहार सरकार ने टीकाकरण के प्रति लोगों को आकर्षित करने के लिए कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक लेने वालों को पुरस्कार देने का फैसला लिया है। पुरस्कृत होने वालों का चयन साप्ताहिक लकी ड्रा से किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि यह विभाग की अनूठी पहल है।