थानेदार खालीद अख्तर ने बताया कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। पीड़िता का इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बेतिया में एक विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। हैवानों ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और जलाकर हत्या की कोशिश की। उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को अस्पातल में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। घटना जिले के नौतन थाना क्षेत्र के खडा टोली गांव की है। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता जितेंद्र कुमार की पत्नी किरण देवी है।
विज्ञापन
पति, सास और ननद पर आरोप
पीड़ित किरण कुमारी ने बताया कि मेरे पति जितेंद्र कुमार सहित सास और ननद ने मिलकर मेरे साथ मारपीट की तथा घर में बंद कर दिया। और, गला दबाकर मेरे ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उसने बताया कि मेरे चीखने-चिल्लाने पर अगल-बगल के लोग आए और बीच बचाव किया। तब मेरी जान बची। तब तक मेरे ससुराल वाले फरार हो गए। ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे, दहेज नहीं देने पर मेरे साथ घटना को अंजाम दिए।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
इधर घटना की जानकारी मिलते ही नौतन पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष खालीद अख्तर ने बताया कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। पीड़िता का इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।