बिहार में पूर्ण शराबबंदी है यानि शराब बेचने, खरीदने और पीने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा है, बावजूद इसके जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। घटना वैशाली जिले के राजापाकड़ थाना क्षेत्र के बसौली गांव की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में अवैध शराब खुलेआम बेची और खरीदी जाती है। इसके कारण जहरीली शराब पीने से लोगों की तबीयत बिगड़ गई और तीन लोगों की मौत हो गई है। जहरीली शराब पीकर कई लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए जिन्हें इलाज में लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमारों की गंभीर हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। जहरीली शराब पीने से मरनेवालों के नाम लालबाबू पासवान, देवेंद्र पासवान और अरुण पटेल हैं। सभी मृतक मजदूर बताए जा रहे हैं।
इस घटना से लोग गुस्साए हुए हैं और मृतक का शव के साथ हंगामा करने लगे। गुस्साए ग्रामीणों ने शराब बेचने के आरोपी की पुलिस के सामने पिटाई कर डाली। आक्रोशित लोगों ने गांव में पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और जिले के बड़े अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गए।
स्थानीय निवासी प्रिंस कुमार का कहना है कि गांव के पासवान के घर में दारू बेची जाती है और उनके छोटे भाई थाने में चौकीदार है। इसीलिए पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं लेती। राजापाकड़ थाना के एएसआई विजेंद्र राय का कहना है कि शराब बेचने के आरोपी को लोगों के पकड़ा है और उससे पूछताछ की जाएगी।
इस घटना में सभी मृतक मजदूर और एक ही गांव के थे जिनकी सस्ती शराब पीने की चाहत में जहरीली शराब पीकर मौत हो गई। बिहार में खुलेआम शराब बिकना, और शराब पीने से मौत होना बिहार की हकीकत को जाहिर करता है। बिहार में सरकार पूर्ण शराब बंदी का दावा करती है लेकिन शराब का कारोबार जारी है।