मोदी पर महाभारत के बाद एनडीए से अलग हुए नीतीश कुमार और बीजेपी नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कल पटना में दिए गए राजनाथ सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए आज नीतीश कुमार ने कहा कि,"अगर मैं मुंह खोलूंगा तो भाजपा के कई लोग मुसीबत में आ जाएंगे।'
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कल जेडीयू के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था जिसमें नरेंद्र मोदी को एक निरंकुश और देश को तोड़ने वाले नेता कहा गया था। राजनाथ ने जेडीयू पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि 17 साल के गठबंधन के बाद उन्हें अचानक ही गुजरात के मुख्यमंत्री से परेशानी होने लगी।
उन्होंने नीतीश कुमार और कांग्रेस की बढ़ती नजदीकियों पर भी सवाल उठाए थे। राजनाथ सिंह से पहले नितिन गडकरी भी नीतीश कुमार पर आरोप लगा चुके हैं कि वे प्रधानमंत्री बनने की महात्वाकांक्षा के चलते वे वोट बैंक पॉलिटिक्स कर रहे हैँ।
जेडीयू और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच इतनी ज्यादा कड़वाहट बढ़ चुकी है कि दोनों गुटों के लोग पटना की सड़कों पर आपस में मार-पीट तक कर चुके हैं।
16 जून को भाजपा-जेडीयू के अलग होने के बाद नीतीश कुमार ने कहा था कि राजनैतिक मुद्दों का जवाब राजनैतिक तरीकों से दिया जाएगा।