फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News : राजधानी में बड़ी बैंक डकैती नाकाम, कैश वैन लूटने आए अपराधी को पुलिस ने हथियार के साथ दबोचा

Mon, 25 May 2026 09:28 PM IST
Krishan Ballabh Narayan न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Bihar : अचानक अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को कॉल कर सूचना दी। पुलिस भी त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधी को खदेड़कर पकड़ा। 
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस की मुस्तैदी से दिनदहाड़े होने वाली एक बड़ी डकैती टल गई। शहर के व्यस्त इलाके कदमकुआँ के वैशाली गोलंबर के पास अपराधियों ने एचडीएफसी बैंक की कैश वैन को लूटने की कोशिश की। लेकिन वहां तैनात पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए बदमाशों की घेराबंदी कर दी और एक शातिर अपराधी को हथियार के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस की इस फुर्ती की वजह से लाखों-करोड़ों रुपये की लूट होने से बच गई।

विज्ञापन


पहले से घात लगाकर बैठे थे अपराधी 
घटना कदमकुआँ थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर की है। एचडीएफसी बैंक की कैश वैन पैसे ट्रांसफर करने के लिए जैसे ही वहां रुकी, पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उसे घेर लिया। दिनदहाड़े बीच सड़क पर बैंक वैन को निशाना बनता देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपराधियों को लगा था कि वे आसानी से पैसे लूटकर भाग जाएंगे, लेकिन पास ही मौजूद पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ गई।
यह खबर भी पढ़ें-Crime Data: एक महीने में 8651 बच्चे गायब, 85 फीसदी लड़कियां; किस राज्य के यह आंकड़े किसने जारी किए?

 भागते हुए आरोपी को खदेड़कर पकड़ा 
लूट की कोशिश को देखते ही कदमकुआँ पुलिस एक्शन में आई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत पूरे इलाके की नाकेबंदी की और भाग रहे बदमाशों को खदेड़कर एक आरोपी को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से देशी कट्टा बरामद हुआ। वैन के गार्ड और कर्मचारियों ने बताया कि वह उन्हें उसी हथियार से डरा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए टाउन एसडी पीओ -1 खुद कदमकुआँ थाने पहुंचे। उन्होंने अपराधी की गिरफ्तारी और उसके पास से हथियार-कारतूस मिलने की पुष्टि की है। पकड़े गए बदमाश से थाने के बंद कमरे में कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि इस पूरी साजिश के पीछे किसका हाथ था।
विज्ञापन

यह खबर भी पढ़ें-Petrol Diesel Price Hike: विपक्ष को जवाब देने में बिहार को भूली भाजपा; BJP Bihar के पेट्रो पोस्टर से सवाल उठा

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी लूट की कोशिश कोई अकेला इंसान नहीं कर सकता। शक है कि इसके पीछे कोई बड़ा स्थानीय या अंतर-जिला गैंग शामिल है। घटना के वक्त मौके से कुछ और संदिग्ध भी फरार हुए हैं। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि बाकी बदमाशों को भी जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, नाप-तौल विभाग के क्लर्क को रंगे हाथ दबोचा

बैंकों और कैश वैन को लेकर अलर्ट जारी
इस घटना के बाद पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राजधानी के सभी मुख्य बाजारों और बैंकिंग इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। टाउन एसडीपीओ ने कहा है कि दिनदहाड़े ऐसी जुर्रत करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही बैंक और कैश वैन की सुरक्षा में लगे निजी गार्डों को भी सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध को देखते ही तुरंत पुलिस को खबर करने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें