पुलिस ने नदी किनारे से बरामद किया था युवती का शव
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में लौरिया थाना पुलिस ने गोबरौरा गांव के चैना बाबा सरेह के पास से मिट्टी में मिले आधे गड़े शव की पहचान कर ली है। दरअसल, बीते 17 अप्रैल को लौरिया पुलिस ने सिकरहना नदी किनारे से जमीन में गाड़े गए एक किशोरी के शव को बरामद किया था। उसका पोस्टमार्टम मंगलवार को कराने के बाद पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी हुई थी। हालांकि स्थानीय लोग और चौकीदारों शव की पहचान की है।
लौरिया थानाध्यक्ष कैलाश कुमार ने बताया कि मृत युवती की पहचान लौरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी मनोज महतो की 17 साल की बेटी कविता कुमारी के रूप में की गई है। घर वालों ने हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को नदी किनारे मिट्टी में गाड़ दिया था।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार दोपहर में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे कोई लेने नहीं आया। इसके बाद स्थानीय लोग और चौकीदारों के जरिए शव की पहचान की गई। फिर चौकीदार उमाशंकर यादव के बयान पर मृत किशोरी के माता-पिता को आरोपी बनाते हुए हत्या कर साक्ष्य छुपाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना अध्यक्ष ने यह भी बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार छापेमारी कर मृतका की मां को उसके पड़ोसी नथु चौधरी के घर से गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि किशोरी कि हत्या क्यों की गई है। इस पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आरोपी पिता फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।