UGC बिल 2026 को लेकर देशभर में उठ रहे विरोध के बीच बिहार के नवादा सदर में युवाओं ने इस प्रस्तावित कानून के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने शहर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का घेराव कर केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की।
BJP कार्यालय के सामने प्रदर्शन और पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने UGC बिल 2026 को “काला कानून” बताते हुए कहा कि यह शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के लिए घातक है।
प्रदर्शन का नेतृत्व और मौजूद प्रमुख चेहरे
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व लोजपा (रामविलास) के पूर्व युवा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह ने किया। उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता ललन सिंह, वार्ड पार्षद गुड्डू पांडे, कारू सिंह, ब्रजेश सिंह, कन्हैया कुमार और आतीं पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बिल को लेकर युवाओं की आपत्तियां
प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि UGC बिल 2026 के जरिए केंद्र सरकार शिक्षा क्षेत्र में मनमानी नियंत्रण व्यवस्था लागू करना चाहती है। उनका आरोप था कि इससे विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता समाप्त हो जाएगी और छात्रों के अधिकारों पर सीधा हमला होगा।
वक्ताओं ने जताई गंभीर चिंताएं
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह बिल उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित करेगा और सामाजिक न्याय तथा समान अवसर की भावना को कमजोर करेगा। चंदन सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा विशेषज्ञों से व्यापक संवाद किए बिना इस तरह का कानून लाने की कोशिश कर रही है।
पढ़ें- Bihar: UGC के नए नियमों से नाराज युवक पर पीएम को अपशब्द कहने का आरोप, आपत्तिजनक वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
चंदन सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने UGC बिल 2026 को वापस नहीं लिया तो नवादा से लेकर राज्य और देश स्तर तक बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने BJP कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी करते हुए बिल को तत्काल वापस लेने की मांग की।
आगे भी जारी रहेगा विरोध
युवाओं ने कहा कि यह आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा। आने वाले दिनों में छात्र, शिक्षक और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापक रणनीति बनाई जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार पर दबाव डाला जाएगा, ताकि इस कानून को पूरी तरह रद्द कराया जा सके।