नवादा जिले से वारिसलीगंज की भाजपा विधायक अरुणा देवी के पति और पूर्व जिला पार्षद अखिलेश सिंह एक रंगदारी विवाद को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब एक युवक राजा कुमार ने उन पर घर में घुसकर धमकी देने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अखिलेश सिंह अपने अंगरक्षक और एक अन्य व्यक्ति के साथ युवक के घर के सामने गाड़ी से उतरते नजर आ रहे हैं।
घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस ने अखिलेश सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, पकरीबरावां एसडीपीओ ने उनके अंगरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़ें- Attack On Police:थाने में घुसकर महिलाओं ने की हाथापाई-मारपीट, जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी; चार आरोपी गिरफ्तार
‘मेरे नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा था युवक’
विवाद पर पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए अखिलेश सिंह ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ एक पारिवारिक निमंत्रण से लौट रहे थे, तभी उन्हें जानकारी मिली कि राजा नामक युवक उनके नाम का इस्तेमाल कर बरबीघा के एक होटल में रूम बुक करा रहा है। जब वे खुद होटल जाकर स्थिति की जानकारी लेने पहुंचे, तो राजा कुमार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और होटल मालिक से भी फोन पर गाली-गलौज की।
अखिलेश सिंह ने यह भी दावा किया कि राजा कुमार उनकी पत्नी विधायक अरुणा देवी के एक पूर्व प्रतिनिधि के परिवार से जुड़ा है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि राजा पर पुलिस पर हमला करने, अवैध बालू उठाने, रंगदारी मांगने और गोलीबारी जैसे गंभीर आरोप हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा है।
राजद पर भी साधा निशाना
अखिलेश सिंह ने इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश करार दिया और सीधे तौर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद समर्थक क्षेत्र में जानबूझकर अशांति फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी चार बार विधायक रही हैं और जनता में उनकी गहरी पकड़ है, जिसे देखकर विरोधी बौखला गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की रंगदारी या आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें- Crime:दंपती पर जानलेवा हमला; पड़ोसन ने बेटों संग मिलकर ब्लेड से काटा और रॉड से पीटा, आखिर होली पर हुआ क्या था
जांच में जुटी पुलिस, राजनीतिक माहौल गर्म
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अब गंभीर जांच में जुट गई है। एसडीपीओ द्वारा अंगरक्षक के निलंबन के बाद साफ हो गया है कि प्रशासन इस मामले में कड़ाई से कार्रवाई करने के मूड में है। वहीं दूसरी ओर राजनीतिक गलियारों में इस विवाद के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में सियासत और गर्मा सकती है।