गयाजी जिले के डुमरिया प्रखंड में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी की मांग को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमिका की सहमति मिलने पर युवक सुरक्षित नीचे उतरा।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला बोधिबीघा थाना क्षेत्र का है। पचहथूर गांव निवासी मेराज अहमद नाम का युवक गुरुवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने ऊपर से ही कहा कि जब तक उसकी प्रेमिका और उसका परिवार शादी के लिए तैयार नहीं होगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर जैसे ही इलाके में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
दो-तीन साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
बताया जा रहा है कि मेराज अहमद का एक लड़की के साथ पिछले दो-तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा था। परिजनों और सामाजिक दबाव के कारण लड़की भी शुरुआत में शादी की बात से पीछे हट गई थी। इसके बाद युवक ने अपनी बात मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया।
प्रेमिका की सहमति के बाद नीचे उतरा युवक
युवक के टावर पर चढ़ने के बाद स्थानीय लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने के बाद भी युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था। मामला बढ़ता देख लड़की पक्ष से बातचीत की गई। बताया जा रहा है कि लड़की ने शादी के लिए अपनी सहमति दे दी, जिसके बाद युवक शांत हुआ और खुद टावर से नीचे उतर आया।
करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें- बिहार: पीएम मोदी के जन्मदिन पर श्यामा माई मंदिर क्यों पहुंचे संजय सरावगी? विपक्ष पर भी साधा निशाना
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया
युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक को समझाने के बाद टावर से नीचे उतारा गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा है कि युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। पुलिस ने कहा है कि आगे की स्थिति के अनुसार कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान युवक और युवती पक्ष के लोगों ने वीडियो बनाने से लोगों को रोकने की अपील की। पुलिस ने भी मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को संभाला।