जहानाबाद जिले के काको प्रखंड के भेलावर थाना क्षेत्र के बसंतपुर हड़हड़ गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब गांव के रितेश कुमार का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। युवक को इस स्थिति में देखकर गांव में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही भेलावर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
परिजनों ने अनभिज्ञता जताई, किसी विवाद से किया इनकार
घटना के बाद जब परिजनों से बात की गई, तो उन्होंने पूरी तरह अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। उनका कहना था कि रितेश अपने चारों भाइयों के साथ प्रेमपूर्वक रहता था और परिवार में किसी पर भी उन्हें कोई शक या अंदेशा नहीं है। परिजन यह भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं कि रितेश ने ऐसा कदम क्यों उठाया। सदमे की स्थिति में होने के कारण वे किसी भी बात पर विस्तार से बोलने की स्थिति में नहीं दिख रहे।
हत्या या आत्महत्या- पुलिस गहराई से जांच कर रही
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या और आत्महत्या, दोनों कोणों से जांच कर रही है। अधिकारियों का औपचारिक बयान फिलहाल जारी नहीं किया गया है और पुलिस ने किसी भी संभावित कारण पर अभी पुष्टि से इनकार किया है। जांच टीम हर पहलू की पड़ताल कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar: जमीन विवाद ने ली खौफनाक करवट, फुफेरे भाई ने युवती पर ईंटों से किया जानलेवा हमला
गांव में शोक की लहर, रिपोर्ट का इंतजार
रितेश की मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों में कई सवाल उठ रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों पर स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।