घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
गयाजी जिले के आमस थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत अंतर्गत लेंबुआ-बहेरा गांव में शुक्रवार का दिन गम और मातम से भरा रहा। उत्तर कोयल नहर में डूबने से एक ही गांव के दो दोस्तों की अलग-अलग समय पर मौत हो गई। सुबह एक शव मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ी, लेकिन शाम तक दूसरे दोस्त का शव मिलने से माहौल और भी भारी हो गया।
शाम को निकले थे घर से, रातभर लापता रहे
गांव के 45 वर्षीय देवराज यादव और 43 वर्षीय पंडित भुइयां गुरुवार की शाम किसी काम से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रातभर की बेचैनी के बाद शुक्रवार सुबह शौच के लिए निकले कुछ ग्रामीणों ने नहर में एक शव देखा और गांव तथा पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: पेट्रोल छिड़ककर पिता-पुत्र को जिंदा जलाया; 12 वर्षीय मासूम की मौत, शख्स की हालत गंभीर
सुबह मिला पहला शव, गांव में फैली सन्नाटा
सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला तो उसकी पहचान देवराज यादव के रूप में हुई। आमस थाने के एसएचओ पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा ही था कि शाम को एक और दर्दनाक खबर आ गई।
शाम को मिला दूसरे दोस्त का शव
शुक्रवार शाम नहर में एक और शव मिलने की सूचना पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। जांच में शव की पहचान पंडित भुइयां के रूप में हुई। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया। एक ही दिन में दो दोस्तों के शव मिलने से पूरे गांव में मातम पसर गया।
यह भी पढ़ें- Love Affair: गोद में खेल चुके भांजे के प्यार में मामी; पति के हाथ-पैर तोड़ पत्नी प्रेमी संग बेटा लेकर फरार
देवराज यादव की पत्नी रीता देवी, पुत्र अमरजीत, अजीत, पुत्री काजल और पंडित भुइयां के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग इस हादसे को लेकर सदमे में हैं और लगातार यह सवाल उठ रहा है कि आखिर दोनों कैसे नहर में डूब गए।