गया जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। चंदौती थाना क्षेत्र के इंग्लिश गांव के समीप एनएच-22 पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
बाजार जा रहे थे रोहित यादव
मृतक की पहचान कुजाप पंचायत निवासी 55 वर्षीय रोहित यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोहित यादव शनिवार सुबह साइकिल से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान इंग्लिश गांव के पास एनएच-22 पर तेज गति से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित यादव कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शव रखकर किया हाईवे जाम
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव को NH-22 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा और आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने दी सहायता राशि
घटना की सूचना मिलते ही चंदौती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति बिगड़ती देख नगर बीडीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। साथ ही सरकारी प्रावधानों के तहत आगे भी आर्थिक मदद का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन जाम हटाने को तैयार हुए।
ये भी पढ़ें-
Bihar: ‘मेरे दीवाने को मत सताओ, प्रेमी संग फरार युवती ने जारी किया वीडियो, बोली- हमने अपनी मर्जी से की शादी
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। चंदौती थाना अध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद पूरे इंग्लिश गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-22 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।