गया जिले के जोगापुर गांव में सोमवार को आसमान से बरसी आफत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आंधी-तूफान थमने के बाद आम चुनने बगीचे में गए तीन युवकों की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही देर पहले तक साथ हंसी-मजाक कर रहे तीन दोस्तों की अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
आम चुनने के दौरान बिजली गिरी
जानकारी के अनुसार, दोपहर में तेज आंधी और बारिश के बाद मौसम थोड़ा साफ हुआ तो गांव के तीन युवक- गौतम कुमार, संदीप कुमार और दिलकेश कुमार पास के बगीचे में आम चुनने चले गए। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए।
तीन युवक गंभीर रूप से झुलसे
वज्रपात इतना तेज था कि तीनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। एक साथ तीन युवकों की मौत ने हर किसी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: औरंगाबाद में आसमान से गिरी आफत, अलग-अलग घटनाओं में चार की मौत; तीन घायल
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान ही नहीं, बल्कि उसके बाद भी खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें, क्योंकि इस समय वज्रपात का खतरा बना रहता है।