Bihar News:औरंगाबाद में आंधी-बारिश के बीच वज्रपात से तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। तीन अन्य घायल हैं। मदनपुर, जम्होर और गोह क्षेत्रों में हुए हादसों के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। पढ़ें पूरी खबर...
बेमौसम आंधी, तेज बारिश और वज्रपात ने सोमवार को औरंगाबाद जिले में कहर बरपाया। दोपहर से शाम के बीच तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाएं मदनपुर, जम्होर और गोह थाना क्षेत्रों में हुईं।
विज्ञापन
आम चुनते समय गिरी बिजली
पहली घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के घटराईन टोला भुईयां बिगहा में हुई। तेज आंधी और बारिश के दौरान पांच बच्चे गांव के बाहर आम के पेड़ के नीचे फल चुन रहे थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ। तीन बच्चे डरकर भाग गए, लेकिन दो बच्चे वहीं रुक गए और बिजली की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सूरज भुईयां (10) और संतोष भुईयां (11) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर गिरी बिजली
दूसरी घटना जम्होर के पासी टोला में हुई, जहां बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहे 8 वर्षीय बजरंगी की वज्रपात से मौत हो गई। बताया जाता है कि वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बाजार से लौट रहे युवक की मौत
तीसरी घटना गोह थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव के पास हुई। चार दोस्त बाजार से लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज बारिश और वज्रपात शुरू हो गया। इस दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान प्रिंस कुमार (22) के रूप में हुई है। घायलों में आकाश कुमार, अक्षय कुमार और धीरज कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।