डॉ० रुममान हम्मादी की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
गयाजी शहर के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एपी कॉलोनी में एक दंत चिकित्सक को फोन पर रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित चिकित्सक ने इस संबंध में रामपुर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
पेशे से दंत चिकित्सक हैं पीड़ित
पीड़ित चिकित्सक की पहचान डॉ. रुममान हम्मादी के रूप में हुई है। वे सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जिला स्कूल गया मो. शमशेर खान के पुत्र हैं और नगमतिया कॉलोनी, रोड नंबर-4/बी के निवासी हैं। डॉ. हम्मादी आशा सिंह मोड़, मेन रोड, एपी कॉलोनी में स्थित दतिका डेंटल क्लिनिक का संचालन करते हैं।
परिवार में डर का माहौल
डॉ. रुममान हम्मादी के अनुसार, 08 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1:14 बजे उनकी क्लिनिक के फोन नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया। कॉल करने वाले ने खुद को किसी गिरोह से जुड़े होने का दावा करते हुए पैसे की मांग की। जब चिकित्सक ने पैसे देने से इनकार किया, तो कॉलर ने व्यक्ति भेजकर कार्रवाई की धमकी दी। इस धमकी भरे कॉल से डॉक्टर और उनके परिवार में भय फैल गया।
कॉल की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित
पीड़ित चिकित्सक ने बताया कि धमकी भरे कॉल की पूरी रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। घटना के बाद उन्होंने रामपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल उनकी सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि समाज में डर का माहौल भी पैदा करती हैं।
ये भी पढ़ें:
फुफेरे भाई से प्रेम संबंध बना मौत की वजह, पिता-भाई ने उतारा मौत के घाट, शव को नदी में फेंका
चिकित्सक ने कुछ भी कहने से किया इंकार
इस पूरे मामले को लेकर जब डॉ. हम्मादी से सवाल किया गया तो उन्होंने बातचीत से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि पूरी जानकारी पुलिस को दी जा चुकी है और जांच के बाद ही वे कुछ कहेंगे। वहीं, रामपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर कॉल करने वाले की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।