गया जिले में चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कईया स्थित वास्तु विहार फेज-3 में बंद पड़े छह मकानों के ताले तोड़कर बदमाश नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। एक ही कॉलोनी में लगातार छह घरों को निशाना बनाए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है।
बंद घरों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, जिन मकानों में चोरी हुई, उनके परिवार किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और एक-एक कर छह घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। बदमाशों ने घरों में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान समेट लिया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी का नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।
घर लौटे तो बिखरा मिला सामान
शाम को जब मकान मालिक वापस लौटे तो मुख्य दरवाजों के टूटे ताले और घर के भीतर बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारियां और लॉकर भी खुले मिले। एक साथ छह घरों में चोरी की सूचना फैलते ही कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Bihar Weather: पटना में रुक-रुक कर हो रही बारिश, कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी; जानिए मौसम का हाल
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही कॉलोनी में दिनदहाड़े छह घरों में चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है। लोगों ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और कॉलोनी की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।
लगातार बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
हाल के दिनों में गया शहर और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में वास्तु विहार फेज-3 की यह घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस इस संगठित चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है और चोरी गया सामान बरामद होता है या नहीं।