फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: रफ्तार बनी काल! आमने-सामने की टक्कर में किशोर की मौत, चार युवक गंभीर, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Sat, 04 Jul 2026 09:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के रिवर साइड रोड पर खिरियामा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। 
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रिवर साइड रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा स्थिति को नियंत्रित किया।

रिवर साइड रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा

यह हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के रिवर साइड रोड स्थित खिरियामा गांव के समीप बैंक ऑफ इंडिया (किन्दूई) के पास हुआ। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर दूर जाकर गिरे।

मृतक की पहचान मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हरदासपुर निवासी बबन मिस्त्री के पुत्र प्रकाश मिस्त्री के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रकाश मूल रूप से मुकरी गांव का रहने वाला था और इन दिनों अपने ननिहाल खिरियामा आया हुआ था।

एक बाइक पर सवार थे तीन युवक

परिजन अशोक शर्मा ने बताया कि प्रकाश अपने दो साथियों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर खिरियामा से बोधगया की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक बैंक ऑफ इंडिया के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने सीधी टक्कर मार दी। हादसे में सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

विज्ञापन

 

ये भी पढ़ें-  Bankipur Vidhan Sabha: 7717 और 98299 का अंतर पाट सकेंगे प्रशांत किशोर? राजद से पार पाना भी होगा चुनौती

विज्ञापन

 

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।

हादसे के बाद सड़क जाम, मुआवजे की मांग

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने खिरियामा गांव के समीप मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रशासन ने कराया जाम समाप्त, जांच शुरू

सड़क जाम की सूचना पर मगध मेडिकल थाना पुलिस और चंदौती प्रखंड के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिया। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हुआ।

प्रशासन ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों का बयान दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें