औरंगाबाद जिले में पुलिस ने अपहरण के एक मामले का महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अगवा छात्र को सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, आठ मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। बरामद युवक की पहचान देवजरा थाना क्षेत्र के धमौल गांव निवासी 24 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
कोचिंग जाते समय किया गया अपहरण
औरंगाबाद सदर के एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि औरंगाबाद-देव मुख्य मार्ग पर कोचिंग पढ़ने जा रहे एक छात्र का कुछ अपराधियों ने अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही देव, देवजरा और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्काल तकनीकी और खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पता चला कि अपहर्ताओं ने छात्र को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और उसे कार से एनएच-19 के रास्ते डेहरी की ओर ले जाया जा रहा था।
एनएच-19 पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरा के पास घेराबंदी की। पुलिस ने कार समेत पांचों आरोपियों को दबोच लिया और छात्र को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। पुलिस के अनुसार, अपहर्ताओं ने मुकेश कुमार का मुंह बांधकर उसे कार की डिक्की में रखा हुआ था। आरोपी उसे हथियार के बल पर अपने साथ ले जा रहे थे।
ये भी पढ़ें-
Bihar: तड़पती रही गर्भवती, डॉक्टर के बिना नर्स ने कराई डिलीवरी; जन्म के चंद मिनटों बाद ही नवजात ने तोड़ा दम
तीन सगे भाइयों समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
एसडीपीओ ने बताया कि अपहरण की साजिश तीन सगे भाइयों और उनके दो साथियों ने मिलकर रची थी। गिरफ्तार सभी आरोपी कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं-
- नीतीश कुमार (29)
- सतीश कुमार (23)
- मनीष कुमार (19)
- रोहित कुमार (24)
- रोहितकांत तिवारी (25)
अपहरण के कारणों की जांच जारी
पुलिस फिलहाल अपहरण के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। इस संबंध में कैमूर पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजनों को सौंपा गया छात्र
सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकेश कुमार को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मामले से जुड़े कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं।