औरंगाबाद में नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार को बिहार बंद का आव्हान किया गया था। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जमकर बवाल किया। एहतियात के तौर पर पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद छात्रों का समूह सड़कों पर उतर आया।
छात्रों की पुलिस से सीधी भिड़ंत हुई
शहर के रमेश चौक पर प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस से सीधी भिड़ंत हो गई। इस दौरान रमेश चौक और आसपास का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। छात्रों ने पुलिस पर जमकर रोड़े बरसाए। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। पुलिस ने छात्रों को खदेड़-खदेड़कर लाठियों से पीटा।
लाठीचार्ज से बचने के लिए छोटे-छोटे समूहों में बंटे छात्र
लाठीचार्ज से बचने के लिए छात्र तितर-बितर हो गए और छोटे-छोटे समूहों में बंटकर अलग-अलग स्थानों से पुलिस पर रोड़ेबाजी करते रहे। काफी देर तक रमेश चौक और आसपास के इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
ये भी पढ़ें-
पटना पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, बांकीपुर उपचुनाव पर फोकस; 100 दिन के कामकाज की भी होगी समीक्षा
पत्रकार का सिर फटा, एक पुलिसकर्मी घायल
उपद्रवियों की रोड़ेबाजी में एक दैनिक समाचार पत्र के स्थानीय संवाददाता मनीष कुमार का सिर फट गया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों का इलाज औरंगाबाद सदर अस्पताल में कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एक दर्जन से अधिक उपद्रवी गिरफ्तार
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक सीजेपी समर्थक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को औरंगाबाद नगर थाना के लॉकअप में रखा गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।