पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
गया जिले के पुलिस लाइन केंद्र में पदस्थापित महिला पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया। वहीं, मौके पर सीनियर एसपी आशीष भारती पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।
जानकारी के मुताबिक, महिला सिपाही किसी कारण तनाव में थी। महिला पुलिसकर्मी की आत्महत्या की सूचना के बाद सीनियर एसपी आशीष भारती पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही रामपुर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लेकिन महिला पुलिस किन बातों को लेकर तनाव में थी, यह अभी सामने नहीं आया है। हालांकि गया पुलिस ने मृतका सिपाही विभा कुमारी के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, तत्काल रामपुर थाना पुलिस ने शव को अपने पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
घटना को लेकर सीनियर एसपी आशीष भारती ने बताया कि घटना दुखद है। एक महिला सिपाही ने पुलिस केंद्र में खुदकुशी कर ली है। मृतका के परिजनों को सूचना दी गई है। एफएसएल और टेक्निकल सेल की टीम की मदद से मामले की छानबीन की जा रही है। आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है, लेकिन इसका पता लगाया जा रहा है।