बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होने जा रहा है। इसको लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं और लगभग पूरी हो चुकी हैं। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सेना के जवानों ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया और हवाई मॉक ड्रिल भी की। वहीं, डॉग स्क्वॉड, एसएसबी टीम और बम निरोधक दस्ते ने भी कार्यक्रम स्थल की जांच की।
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी यहां 1675 करोड़ रुपये की लागत से 30 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री करेंगे जनसभा
हेलीपैड क्षेत्र के आसपास 2 किलोमीटर अंडरग्राउंड केबल और 3 किलोमीटर ओवरहेड वायरिंग की गई है। साथ ही 50 से अधिक नए पोल और जिंदापुर व आईएचएम पार्किंग क्षेत्र में 13 मीटर ऊंचे रेल पोल लगाए गए हैं। 5 किलोमीटर से अधिक सड़कों का कालीकरण और चौड़ीकरण भी कराया गया है।
वन विभाग की ओर से पौधारोपण और सुरक्षा के लिए गेबियन लगाया गया है। सभा स्थल के निकट बनाए गए हेलीपैड पर सेना के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का मॉक ड्रिल भी किया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड द्वारा लगातार जांच की जा रही है।
मगध विश्वविद्यालय परिसर में 38 एकड़ क्षेत्रफल में पंडाल बनाया गया है। एनडीए नेताओं का दावा है कि इस जनसभा में चार लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकर्ता बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचेंगे।