स्वयंसेवी संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में राखी मनाई
- फोटो : अमर उजाला
पूरे देश में रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। भाई-बहनों के इस पावन पर्व पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। जहां एक ओर परिवारों में यह उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था, वहीं कुछ बुजुर्ग ऐसे भी हैं जो वृद्धाश्रम में रहकर दिनरात अपनों को देखने की प्रतीक्षा में रहते हैं।
इन बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए गयाजी में संचालित माधुरी फाउंडेशन के अध्यक्ष सह जिला जदयू प्रवक्ता कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा स्वयंसेवी संस्था के सदस्यों के साथ दोपहर में स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचे और बुजुर्गों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।
ये भी पढ़ें: पूर्णिया के रेड लाइट एरिया में छापेमारी: देह व्यापार से जुड़ी पांच महिलाएं और 9 ग्राहक हिरासत में, जानें
वृद्धाश्रमों में यह त्योहार विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। इस मौके पर बहनों ने बुजुर्ग भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और उनकी लंबी उम्र की दुआ की। कार्यक्रम में आश्रम के कर्मचारी सत्यानंद कुमार और कनक कुमारी भी शामिल रहे।
कुमार गौरव ने बताया कि माधुरी फाउंडेशन द्वारा सभी त्योहारों और संस्था के सदस्यों के जन्मदिन के अवसर पर वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी लौट सके। इस आश्रम में बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों के करीब 116 महिला और पुरुष बुजुर्ग रहते हैं। इनमें से कुछ मानसिक रूप से बीमार हैं, जबकि कई को उनके परिवार के सदस्य यहां छोड़कर चले गए हैं।