बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में इंडी-अलायंस द्वारा शुरू की गई ‘वोट अधिकार यात्रा’ रविवार को औरंगाबाद पहुंची। शहर के रमेश चौक पर आयोजित विशाल जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला।
राहुल गांधी ने लगाए ये गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से देशभर में चुनावों की हेराफेरी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि “महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में चार महीने पहले एक करोड़ वोटर अचानक बढ़ा दिए गए और उन्हीं वोटों के जरिए भाजपा ने चुनाव जीता। कर्नाटक में भी एक विधानसभा क्षेत्र में एक लाख वोट चोरी हुए।” राहुल ने कहा कि बिहार में भी SIR प्रक्रिया वोट चोरी का ब्लूप्रिंट है, लेकिन जनता की ताकत से इसे रोका जाएगा।
तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग को घेरते हुए कहा, “यहां वोट की चोरी नहीं, बल्कि डकैती हो रही है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नीतीश सरकार हमारी योजनाओं की नकल कर रही है। तेजस्वी ने कहा, “आपने 20 साल नीतीश को और 11 साल मोदी को देख लिया, अब इस खटारा सरकार को बदलना है।”
ये भी पढ़ें:
बिहार में 2747 पदों पर बंद होने वाली है आवेदन विंडो, मौका न गंवाएं! फटाफट इस लिंक से भर दें फॉर्म
भाकपा माले और वीआईपी का बयान
भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि “वोट चोरी और वोट बंदी नहीं चलेगी। बिहार के 35 लाख प्रवासी मजदूरों के नाम मतदाता सूची से गायब कर दिए गए हैं, लेकिन वोट देने का अधिकार कोई छीन नहीं सकता।” वहीं, वीआईपी संस्थापक व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि चुनाव आयोग प्रधानमंत्री मोदी की “जेब में” है और उसी के जरिए बिहार में वोट की डकैती की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह ‘वोट अधिकार यात्रा’ लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। जनसभा की अध्यक्षता औरंगाबाद सांसद अभय कुशवाहा ने की। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, विधायक आनंद शंकर सिंह, मो. नेहालुद्दीन, भीम कुमार, विजय कुमार सिंह सहित कई नेता मंच पर मौजूद थे। सभा में सैकड़ों नागरिक और इंडी अलायंस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।