महागठबंधन ने बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट सत्यापन को एक साजिश करार देते हुए चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को जहानाबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में राजद सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग अब भाजपा निर्वाचन आयोग बन चुका है और वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में वोटर लिस्ट सत्यापन के नाम पर गरीब रोहिंग्या मुस्लिम लोगों का नाम जान-बूझकर हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड और वोटर कार्ड की अहमियत खत्म कर दी गई है, ताकि चुनिंदा लोगों को बाहर किया जा सके।
फैसले लेने में सक्षम नहीं हैं सीएम
डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब फैसले लेने में सक्षम नहीं हैं। उनकी उम्र अधिक हो गई है और बीजेपी उनके इसी हालात का फायदा उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना सचिवालय में 5 अधिकारी बैठाकर यह योजना बनाई जा रही है कि बिहार पर बीजेपी का कब्जा कैसे कराया जाए।
महाराष्ट्र के बाद बिहार निशाने पर
कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह और गया शहर के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी ओंकारनाथ श्रीवास्तव (मोहन श्रीवास्तव) ने कहा कि महाराष्ट्र में 30 लाख नए वोटर जोड़कर सरकार बनाई गई, वहीं बिहार में वोट घटाकर आरएसएस और भाजपा सत्ता पर कब्जा करना चाहते हैं। यह लोकतंत्र के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश है। नेताओं ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भेजे गए पत्र का अब तक चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया है। इससे साफ है कि आयोग विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: मुजफ्फरपुर के बाद अब नवादा में लहराया गया फलस्तीन का झंडा, ताजिया जुलूस के दौरान ऐसा हुआ
9 जुलाई को चक्का जाम का ऐलान
महागठबंधन ने 9 जुलाई को पूरे बिहार में सड़क और रेल चक्का जाम करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और किसी भी एम्बुलेंस या इमरजेंसी सेवा को नहीं रोका जाएगा। इसके लिए व्यापार मंडल, निजी स्कूलों और सामाजिक संगठनों से समर्थन की अपील की जाएगी।
नीतीश को हटाने के लिए चिराग को उतारा
महागठबंधन नेताओं ने कहा कि वोटर लिस्ट सत्यापन केवल एक बहाना है। असली मंशा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की है। इसके लिए भाजपा चिराग पासवान को बिहार विधानसभा चुनाव में आगे कर रही है। इस मौके पर गयाजी नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, गुरुआ विधायक विनय कुमार, कांग्रेस नेता रजनीश कुमार समेत कई महागठबंधन नेता मौजूद थे।